सड़क नहीं तो चक्काजाम! 5 दिन से अनशन के बाद उग्र हुआ आंदोलन
Pamgarh
लंबे समय से सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ में डोंगाकोहरौद सड़क के निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे से अंबेडकर चौक पर ग्रामीणों ने चक्काजाम शुरू कर दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं, जबकि बड़ी संख्या में पुरुष और युवा भी आंदोलन में शामिल हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन और चक्काजाम जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण की मांग को लेकर गांव के आठ युवक पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। उनके समर्थन में अब पूरा गांव सड़क पर उतर आया है, जिससे आंदोलन ने व्यापक रूप ले लिया है।
इस आंदोलन को पामगढ़ के व्यापारियों का भी समर्थन मिला है। विरोध प्रदर्शन के समर्थन में नगर के अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जिससे बाजार में सन्नाटा देखने को मिला। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया है, जबकि जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
इस बीच एसडीएम ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए बताया कि सड़क की मरम्मत का कार्य जारी है और दिसंबर से नए सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराने की योजना है। हालांकि प्रशासन के इस आश्वासन से ग्रामीण संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने चक्काजाम समाप्त करने से इनकार कर दिया।
फिलहाल पामगढ़ में आंदोलन जारी है। चक्काजाम के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर समाधान निकालने की कोशिश जारी है।

