तीन राज्यों में उपचुनाव की घोषणा, बिहार-एमपी और गुजरात की सीटों पर 30 जुलाई को मतदान
नईदिल्ली : भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों का कार्यक्रमकी घोषणा कर दी है। मतदान 30 जुलाई से शुरू होगा और मतगणना 3 अगस्त को होगी। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की स्वतः सदस्यता समाप्त होने के कारण हो रहा है, जिन्हें एक मामले में दो साल से अधिक की जेल की सजा सुनाई गई है।चुनाव आयोग आगामी 6 जुलाई को इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी करेगा, जिसके बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी और संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को 4 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनावों की राजपत्र अधिसूचना सोमवार, 6 जुलाई को जारी की जाएगी। इसके बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी, जिसकी अंतिम तिथि 13 जुलाई है। नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई तक की जाएगी और उम्मीदवार 16 जुलाई तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे, जिसके बाद अंतिम परिणाम स्पष्ट हो जाएगा। तीनों सीटों के परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे। मतदान और मतगणना के बाद, पूरी चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी हो जाएगी।
आयोग द्वारा जारी एक प्रेस नोट के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के कारण बिहार की 182-बांकीपुर सीट रिक्त हो गई है। वहीं, मध्य प्रदेश की 22-दतिया सीट पर विधायक राजेंद्र भारती की अयोग्यता के कारण पुन: चुनाव हो रहा है। इसके अलावा, गुजरात की 145-मांजलपुर सीट विधायक योगेशभाई नारायणदास पटेल के दुखद निधन के बाद ये सीट खाली हो गई है।
इस बार दतिया विधानसभा सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प और चर्चित होने की उम्मीद है। मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को इस उपचुनाव में भाजपा का सबसे मजबूत और संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है। गौरतलब है कि मिश्रा पिछले आम विधानसभा चुनाव में इसी सीट से कांग्रेस के राजेंद्र भारती से हार गए थे।(एजेंसी)

