रो पड़े ‘लापता लेडीज’ के अभिनेता, प्रोड्यूसर पर गंभीर आरोप
मैहर में फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेता सतेंद्र सोनी ने प्रोड्यूसर पर पारिश्रमिक नहीं देने और धमकी देने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षित मुंबई रवाना किया।
मैहर। किरण राव के निर्देशन में बनी चर्चित फिल्म ‘लापता लेडीज’ से पहचान बनाने वाले अभिनेता सतेंद्र सोनी ने फिल्म निर्माता पर धोखाधड़ी, मेहनताना नहीं देने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मध्य प्रदेश के मैहर में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान सामने आए इस मामले ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी है। अभिनेता द्वारा साझा किया गया भावुक वीडियो वायरल होने के बाद मैहर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्हें और उनके साथियों को सुरक्षित मुंबई रवाना कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सतेंद्र सोनी फिल्म ‘पेट पालकी’ की शूटिंग के सिलसिले में मैहर पहुंचे थे। अभिनेता का आरोप है कि उन्होंने लगातार आठ दिनों तक शूटिंग की, लेकिन काम पूरा होने के बाद उन्हें तय पारिश्रमिक नहीं दिया गया। उनका दावा है कि जब उन्होंने अपने मेहनताने की मांग की, तो भुगतान करने के बजाय उन्हें धमकाया गया, जिससे वे मानसिक रूप से काफी परेशान हो गए।
सतेंद्र सोनी ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक वीडियो साझा किया। वीडियो में वह रोते हुए अपनी आपबीती बताते नजर आए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ आर्थिक और मानसिक रूप से गलत व्यवहार किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उनके समर्थन में प्रतिक्रियाएं दीं।
वीडियो वायरल होने के बाद मैहर पुलिस और स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। पुलिस टीम ने अभिनेता से संपर्क किया और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की। रविवार सुबह सतेंद्र सोनी ने रेलवे स्टेशन से एक और वीडियो साझा किया, जिसमें उनके साथ कलाकार श्रीधर दुबे और पंकज शर्मा भी दिखाई दिए।
वीडियो के साथ अभिनेता ने लिखा कि वे सुरक्षित मुंबई पहुंच गए हैं। उन्होंने मैहर पुलिस, जिला प्रशासन और उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने कठिन समय में उनका साथ दिया। उन्होंने विशेष रूप से मैहर के पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी और पूरी पुलिस टीम का धन्यवाद किया।
मैहर कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। कलाकारों ने पुलिस को बताया कि वे अब मैहर में आगे काम नहीं करना चाहते। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करते हुए सतेंद्र सोनी और उनके साथियों को ट्रेन से मुंबई के लिए रवाना कर दिया।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसलिए अभी तक कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया है। यदि भविष्य में शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सतेंद्र सोनी ‘लापता लेडीज’ के अलावा ‘मिर्जापुर’, ‘भगवान भरोसे’ और ‘बवाल’ जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में भी अभिनय कर चुके हैं। उनके लगाए गए आरोपों पर संबंधित प्रोड्यूसर की ओर से अभी तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

