Sun. Jun 21st, 2026

‘भारत कोई धर्मशाला नहीं.. देश में जो जन्मा है वही रहेगा’, अमित शाह ने दी घुसपैठियों को चेतावनी

कोल्हापुर की सभा में गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में अवैध घुसपैठ बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

 

कोल्हापुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए घुसपैठ के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कांग्रेस और उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में वही रहेगा जो यहां जन्मा है और एक-एक घुसपैठिए को देश से बाहर किया जाएगा।

 

अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को इस भरोसे के साथ समर्थन दिया है कि राज्य की सीमाओं पर घुसपैठ पूरी तरह समाप्त की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद इस दिशा में काम भी शुरू हो गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि न केवल बंगाल की सीमाओं से घुसपैठ रोकी जाएगी, बल्कि पूरे देश की सीमाओं से अवैध घुसपैठियों को बाहर करने का अभियान चलाया जाएगा।

 

गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सबसे लंबे समय तक चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना में संभावित टूट का जिक्र करते हुए कहा कि पहले एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले धड़े को शिवसेना-शिंदे गुट कहा जाता था, लेकिन अब केवल एक ही शिवसेना बची है।

 

अमित शाह ने राम जन्मभूमि आंदोलन का भी उल्लेख किया और कहा कि कई लोग कहते थे कि मंदिर नहीं बनेगा, लेकिन आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है। कोल्हापुर दौरे के दौरान उन्होंने श्री अंबाबाई महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और जनता की खुशहाली की कामना की।

 

उन्होंने कांग्रेस और उद्धव ठाकरे पर आरोप लगाते हुए कहा कि घुसपैठियों को वोट बैंक में बदलकर अपना राजनीतिक अस्तित्व बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। अमित शाह ने कहा कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है और अवैध घुसपैठ को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

About The Author

इन्हें भी पढ़े