महाराष्ट्र में निर्माणाधीन मारुति मंदिर का छज्जा गिरा, 20-25 लोगों के दबे होने की आशंका
महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को एक भीषण दुर्घटना घटी। निर्माणाधीन मारुति (हनुमान) मंदिर की एक भारी शिला (छज्जा) अचानक गिर गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु भी इसकी चपेट में आ गए और कई लोग मलबे के नीचे दब गए। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, 20 से 25 लोगों के मलबे फंसे होने की आशंका है।
यशवंतवाड़ी देवस्थान में हुआ हादसा
यह हादसा परभणी जिले की मानवट तहसील के पास स्थित यशवंतवाड़ी मंदिर में हुआ। मारुति मंदिर परिसर में कई दिनों से निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी और भीड़भाड़ के चलते उस दिन निर्माण कार्य रोक दिया गया था। इसके बावजूद, मंदिर परिसर में लोग मौजूद थे।
अचानक गिरा 15 फीट का स्लैब
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगभग 15 फीट लंबी और 15 फीट चौड़ी एक शिला अचानक गिर पड़ी। शिला गिरते ही वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग मलबे के नीचे दब गए और मदद के लिए चीखने-चिल्लाने लगे। स्थानीय लोग भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
20 से 25 लोगों के दबे होने की आशंका
खबरों के मुताबिक, मलबे के नीचे करीब 20 से 25 लोगों के फंसे होने की आशंका है। इनमें से 8 से 10 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बचाव दल ने अब तक कई घायलों को बचाकर परभणी जिला सिविल अस्पताल पहुंचाया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
कंस्ट्रक्शन की गुणवत्ता पर उठे सवाल
इस घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा नियमों के पालन पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस हिस्से का निर्माण कार्य कई दिनों से चल रहा था और अचानक स्लैब का गिरना लापरवाही का संकेत देता है। प्रशासन अब पूरे मामले की जांच की तैयारी कर रहा है। फिलहाल स्लैब गिरने का सटीक कारण पता नहीं चल पाया है।(एजेंसी)

