Sat. Jun 20th, 2026

राम मंदिर चढ़ावा जांच में नया मोड़, रामलला का हार और चरण पादुका नहीं मिलने से बढ़े सवाल

SIT जांच के दौरान बहुमूल्य हार और चरण पादुका का रिकॉर्ड नहीं मिला, पुजारियों और ट्रस्ट से जुड़े लोगों से पूछताछ जारी।

 

 

अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) के सामने एक नया सवाल खड़ा हो गया है। जांच के दौरान रामलला को प्राण प्रतिष्ठा के समय भेंट किए गए बहुमूल्य हार और चरण पादुका का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड या रसीद नहीं मिलने से मामला और गहरा गया है।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जौनपुर के विश्वकर्मा परिवार की ओर से प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान रामलला को उपहार स्वरूप यह बहुमूल्य हार और चरण पादुका भेंट की गई थी। हालांकि, जांच के चौथे दिन तक SIT को इनकी वर्तमान स्थिति के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।

 

इस संबंध में जांच टीम ने रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, जो चंपत राय के ड्राइवर बताए जाते हैं, कृष्णदेव तिवारी और रामलला के चार पुजारियों से पूछताछ की। पुजारी मोहित पांडेय ने SIT को बताया कि उन्होंने हार पहनाने के बाद उसे वापस टिन्नू को सौंप दिया था। वहीं, टिन्नू का दावा है कि हार को ईंट के रूप में गलाने के लिए बेंगलुरु भेजा गया था। अब SIT हार और चरण पादुका की वास्तविक स्थिति का पता लगाने में जुटी है।

 

राम मंदिर चढ़ावा मामले में चल रही जांच के बीच मंदिर और ट्रस्ट की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने कहा है कि दान की रकम की गिनती और निगरानी को लेकर तय दिशा-निर्देशों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि निगरानी संबंधी निर्देशों का अनुपालन 10 प्रतिशत से अधिक नहीं हुआ।

 

फिलहाल SIT पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और हार तथा चरण पादुका के रिकॉर्ड और उनकी वर्तमान स्थिति से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है।

 

About The Author