Thu. Jun 18th, 2026

जंतर-मंतर पर दोबारा 20 जून को जुटेगी कॉकरोच जनता पार्टी, पुलिस से मांगी अनुमति

CJP: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने कहा है कि उसने 20 जून को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से अनुमति मांगी है। पार्टी को उम्मीद है कि उसका आवेदन स्वीकृत हो जाएगा। पार्टी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि विरोध प्रदर्शन से संबंधित सभी आवश्यक पुलिस औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। स्वयंसेवकों की संख्या और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी भी पुलिस को सौंप दी गई है।

20 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना

इससे पहले, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने घोषणा की थी कि वे 20 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन विरोध प्रदर्शन करेंगे, जब तक कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते। पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि दिल्ली पुलिस को 20 जून को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन और धरने की औपचारिक सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने गुरुवार सुबह तक जवाब देने की बात कही है और उन्हें अनुमति मिलने की उम्मीद है।

विरोध प्रदर्शन की मांग पर पुलिस ने क्या कहा?

CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने एक बयान में कहा, “हमने दिल्ली पुलिस को 20 जून, 2026 को जंतर-मंतर पर होने वाले शांतिपूर्ण प्रदर्शन और धरने के बारे में औपचारिक रूप से सूचित कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि वे कल सुबह हमें जवाब देंगे। हमें विश्वास है कि पुलिस अनुमति दे देगी।”

संगठन ने पुलिस को पूरा सहयोग देने का रखा प्रस्ताव

पुलिस अधिकारियों से मिलने के बाद एक वीडियो बयान में सौरव दास ने कहा कि उन्होंने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए पूरा दिन पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में बिताया। उन्होंने कहा, “मैंने पूरी योजना, आवश्यक वॉलंटियर्स की संख्या और पुलिस की आवश्यकताओं से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। हमें उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस हमारे साथ सहयोग करेगी। CJP ने पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा।”

उन्होंने कहा, “देश भर में हमने जितने भी विरोध प्रदर्शन किए हैं, उनकी तरह यह विरोध प्रदर्शन भी शांतिपूर्ण होगा। देश भर से लोग जंतर-मंतर पर हमारे साथ जुड़ेंगे और उनकी एक ही मांग होगी – धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा।” दास ने आगे कहा, “हमने अपना पूरा सहयोग दिया है, इसलिए दिल्ली पुलिस को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से इकट्ठा होने के हमारे अधिकार से हमें वंचित करने का कोई कारण नहीं है।”(एजेंसी )

About The Author