रायपुर में उतरेगा एशिया का स्क्वैश तूफान! सिंगापुर के स्टार खिलाड़ियों से होगी सीधी टक्कर
22 से 27 जून तक रायपुर के बुधापारा स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में होगा अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट, मेजबान छत्तीसगढ़ 49 खिलाड़ियों के साथ करेगा चुनौती पेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन (CSA) द्वारा स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SRFI) और एशियन स्क्वैश फेडरेशन (ASF) की मान्यता के तहत प्रतिष्ठित ईस्टर्न स्लैम 2026 का आयोजन 22 से 27 जून 2026 तक बुधापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स, रायपुर में किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ सिंगापुर के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
टूर्नामेंट को PSA और WSF सैटेलाइट टूर्नामेंट का दर्जा प्राप्त है, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग अंक अर्जित करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के साथ-साथ पुरुष और महिला वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित होंगी। जूनियर और सीनियर वर्ग को 5-स्टार राष्ट्रीय रैंकिंग प्रदान की जाएगी।
बालक वर्ग में अगस्त्य उप्पल, धैर्य गोगिया, ध्रुव बोपन्ना, श्रेयांश झा और आर्यवीर दीवान जैसे राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी आकर्षण का केंद्र होंगे। वहीं बालिका वर्ग में समीक्ष सुकुमार, गौरवी अजमेरा, अनिका कलंकी, सांवी कलंकी और उन्नति त्रिपाठी जैसे खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे। सीनियर वर्ग में सूरज चंद, आर्यन प्रताप सिंह, उन्नति त्रिपाठी और निरुपमा दुबे भी हिस्सा लेंगे।
टूर्नामेंट में सिंगापुर के दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी ज़े जुन शी और वीर मल्होत्रा विशेष आकर्षण रहेंगे। उनकी भागीदारी से प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी और भारतीय खिलाड़ियों को वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त होगा।
मेजबान छत्तीसगढ़ 49 खिलाड़ियों के दल के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहा है। राज्य के प्रमुख खिलाड़ियों में अरसलान शेख, रेयांश कुलश्रेष्ठ, अर्चिता बनर्जी, भ्वांजलि मुदलियार और अर्चित सक्सेना शामिल हैं। इसके अलावा ईशभ सुराना, सूर्यांश कुमार, अपूर्व साहू और ऋद्धि गुप्ता भी राज्य की उम्मीदों का केंद्र होंगे।
छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता का संचालन SRFI, ASF और WSF के तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाएगा। भारत के विभिन्न राज्यों के अलावा सिंगापुर और मलेशिया से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों की भागीदारी इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि ईस्टर्न स्लैम 2026 न केवल छत्तीसगढ़ में स्क्वैश खेल के विकास को नई दिशा देगा, बल्कि राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का बहुमूल्य अनुभव भी प्रदान करेगा। “एक कोर्ट, एक जुनून, अनंत गौरव” की थीम के साथ आयोजित यह प्रतियोगिता देश और एशिया के उभरते स्क्वैश सितारों के लिए प्रतिभा, संघर्ष और उत्कृष्टता का बड़ा मंच साबित होगी।

