मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, कांग्रेस का तीन दिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन शुरू
Congress Protest In MP: मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद, पार्टी ने भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राज्य कांग्रेस सोमवार से तीन दिवसीय राज्यव्यापी विरोध अभियान शुरू कर रही है। सोमवार यानी आज से युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सभी जिलों में चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे और जिला भाजपा कार्यालयों का घेराव भी करेंगे।
कांग्रेस नेता करेंगे तीन दिवसीय राजयव्यापी प्रदर्शन
गौरतलब है कि कांग्रेस विधायकों ने इससे पहले दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया था। उन्होंने राष्ट्रपति से समय मांगा था, लेकिन विधायकों को समय नहीं दिया गया। चुनाव आयोग ने अपील खारिज कर दी। सुप्रीम कोर्ट ने भी अधिकार क्षेत्र का हवाला देते हुए याचिका खारिज कर दी। इसके बाद कांग्रेस नेता आक्रोशित हैं और उन्होंने सार्वजनिक रूप से विरोध प्रदर्शन करने और तीन दिवसीय राज्यव्यापी प्रदर्शन करने की योजना बनाई है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर, युवा कांग्रेस 15 जून को सभी जिलों में, एनएसयूआई 16 जून को और महिला कांग्रेस 17 जून को विरोध प्रदर्शन करेगी। इन प्रदर्शनों के दौरान, भाजपा कार्यालयों को घेरा जाएगा और चुनाव आयोग के पुतले जलाए जाएंगे।
संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कामले ने इस संबंध में सभी मोर्चा संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों को पत्र जारी करते हुए कहा कि राज्यसभा चुनावों में हुए पक्षपात ने देश के लिए एक मिसाल कायम कर दी है और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना ने पूरे देश में संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवालिया निशान लगा दिया है।

दिग्विजय सिंह के विरोध वाले पोस्टर फाड़े
रविवार को भाजपा कार्यालय के बाहर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर तंज कसते हुए लगाए गए पोस्टर पर हंगामा खड़ा कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोस्टर फाड़ दिए। पोस्टरों पर दिग्विजय सिंह का सुप्रीम कोर्ट के बारे में दिया गया बयान छपा था। इसमें यह भी लिखा था, “आपको चुनाव आयोग पर भरोसा नहीं है, आपको सरकारी एजेंसियों पर विश्वास नहीं है और आपको सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा नहीं है।” इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है।(एजेंसी)

