DRDO में पेड इंटर्नशिप का मौका: मिलेगा 30 हजार रुपये स्टाइपेंड, बिना परीक्षा होगा चयन
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के अंतर्गत कार्यरत डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स एप्लीकेशन लेबोरेटरी (DEAL) ने वर्ष 2026 के लिए पेड इंटर्नशिप कार्यक्रम की घोषणा की है। इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव हासिल करने के इच्छुक छात्रों के लिए यह एक बेहतरीन अवसर माना जा रहा है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 45 इंटर्नशिप पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। चयनित छात्रों को छह महीने की अवधि के दौरान 30 हजार रुपये का स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाएगा।
इन इंजीनियरिंग ब्रांच के छात्रों को मिलेगा मौका
इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को आवेदन का अवसर दिया गया है। उपलब्ध पदों में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन और कंप्यूटर साइंस के लिए 20-20 सीटें निर्धारित हैं, जबकि मैकेनिकल इंजीनियरिंग के लिए 5 पद आरक्षित किए गए हैं।
आवेदन के लिए क्या हैं पात्रता शर्तें?
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का AICTE से मान्यता प्राप्त संस्थान में अध्ययनरत होना आवश्यक है। बीटेक और बीई के वे छात्र आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने तीसरा वर्ष या छठा सेमेस्टर पूरा कर लिया हो या जुलाई 2026 तक पूरा करने वाले हों। इसके अलावा एमटेक और एमएससी (इलेक्ट्रॉनिक्स) के प्रथम वर्ष या दूसरे सेमेस्टर के विद्यार्थी भी आवेदन के पात्र हैं। उम्मीदवारों का न्यूनतम सीजीपीए 7.0 होना चाहिए तथा पहले पांच सेमेस्टर में किसी भी विषय में बैकलॉग नहीं होना चाहिए।
बिना परीक्षा होगा चयन
इस इंटर्नशिप के लिए किसी प्रकार की लिखित परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह शैक्षणिक योग्यता और मेरिट के आधार पर किया जाएगा। चयनित छात्रों को कुल 30 हजार रुपये का स्टाइपेंड दो चरणों में दिया जाएगा। पहली किस्त तीन माह की इंटर्नशिप पूरी होने पर और दूसरी किस्त छह माह का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद जारी की जाएगी।
आवेदन की अंतिम तिथि और प्रक्रिया
इच्छुक अभ्यर्थी DRDO की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आवेदन पत्र को आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित पते पर स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड पोस्ट के माध्यम से भेजना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून 2026 तय की गई है। चयनित उम्मीदवारों की सूची 15 जुलाई 2026 तक जारी किए जाने की संभावना है, जबकि इंटर्नशिप कार्यक्रम 3 अगस्त 2026 से शुरू होगा।

