दिल्ली-NCR में दिन में छाया अंधेरा, तेज आंधी और झमाझम बारिश से बदला मौसम
Delhi NCR Rain Alert : राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर में 4 जून की दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर 3 बजाते ही तेज धूल भरी आंधी चलने लगी। आंधी इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते आसमान में पूरी तरह से घुप्प अंधेरा छा गया। ऐसा लगा मानो रात हो गई हो। इसके तुरंत बाद दिल्ली और नोएडा के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने इस स्थिति को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम का यह बदला हुआ मिजाज आने वाले दिनों में भी बरकरार रहने वाला है।

तेज हवाओं के साथ बारिश
मौसम विभाग की ओर से जारी स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। पूर्वानुमान के मुताबिक रात के समय भी गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा का दौर जारी रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में अचानक छा गया ब्लैक आउट जैसा अंधेरा
दिल्ली और आसपास के इलाकों में दोपहर को अचानक मौसम ने करवट बदली. तेज रफ्तार से चली धूल भरी आंधी के कारण दिखना बेहद कम हो गई। आसमान में धूल की मोटी परत छाने से दिन में ही रात जैसा नजारा बन गया। सड़कों पर चल रही गाड़ियों को अपनी हेडलाइट्स जलानी पड़ीं। इस धूल भरे तूफान के तुरंत बाद तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। मालवीय नगर और नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन के आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई।
IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली में आज और कल के लिए अलर्ट मोड सक्रिय किया है। मौसम विभाग ने 4 और 5 जून को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसका मतलब है कि लोगों को खराब मौसम के प्रति सावधान रहना होगा। आंधी और बारिश के कारण चल रही ठंडी हवाओं से लोगों को चिलचिलाती धूप से बड़ी राहत मिली है और मौसम सुहाना हो गया है।
नोएडा और अन्य इलाकों में 6 जून तक कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
नोएडा के सेक्टर 44 सहित कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश देखी गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक एनसीआर में यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। नोएडा और आसपास के शहरों में 6 जून तक आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ एक या दो बार भारी बौछारें पड़ने की पूरी संभावना जताई गई है। आने वाले दो दिनों तक तेज आंधी का दौर जारी रह सकता है।(एजेंसी)

