Thu. Jun 4th, 2026

दिल्ली अग्निकांड पीड़ितों से मिलीं सीएम रेखा गुप्ता, मुआवजे और हरसंभव मदद का किया ऐलान

New Delhi News :

New Delhi News :

New Delhi News : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुवार को मालवीय नगर हौजरानी स्थित होटल अग्निकांड के घायलों को देखने मैक्स अस्पतालपहुंचीं। उन्होंने घायलों व उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से इलाज की जानकारी ली और अधिकारियों को हर संभव मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए।सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 5 लाख रुपये सहायता दिए जाने का ऐलान किया गया है। शवों को उनके घर पहुंचाने की व्यवस्था भी की जा रही है।

सीएम ने डॉक्टर से पूछी घायलों की स्थिति

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार घायलों के इलाज में आने वाले खर्च का वहन करेगी और अस्पताल प्रशासन के साथ समन्वय कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की स्थिति की समीक्षा भी की।

मालवीय नगर अग्निकांड में एफआईआर किया दर्ज

मालवीय नगर अग्निकांड के संबंध में मालवीय नगर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 326(g), 324(5), 125(a), 125(b) और 287 के तहत दर्ज की गई है। होटल मालिक लवकेश बजाज की गिरफ्तारी के बाद, दिल्ली पुलिस अब होटल प्रबंधक की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

रेस्टोरेंट के मालिक लवकेश बजाज से की पूछताछ

मालवीय नगर में हुए भीषण आग के मामले में गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज ने दिल्ली पुलिस को बताया कि वह होटल का सीधे प्रबंधन नहीं करते थे। उन्होंने दैनिक कामकाज, बिलिंग, अकाउंट्स और पूरी व्यवस्था दूसरे व्यक्ति को सौंप रखी थी। लवकेश बजाज ने पूछताछ में यह भी कहा कि होटल में कमरों के साइज बढ़ाने समेत अन्य संरचनात्मक बदलाव भी उसी व्यक्ति ने सुझाए थे।

बजाज ने पुलिस को बताया कि बदलाव करने वाले व्यक्ति ने उन्हें आश्वासन दिया था कि दिल्ली में ऐसा सब कुछ चलता रहता है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि होटल में फायर एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) नहीं था। पुलिस अब बिजली विभाग और अन्य एजेंसियों से रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही लवकेश बजाज की अन्य प्रॉपर्टीज की भी जांच की जा रही है।(एजेंसी)

About The Author