Kenya Girls School Fire: आधी रात मौत का तांडव! केन्या के गर्ल्स स्कूल में 16 छात्राओं की जिंदा जलकर मौत, मची चीख-पुकार
Kenya Girls School Fire: केन्या से एक बेहद दिल दहला देने वाली और दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहाँ के नकुरु काउंटी स्थित गिलगिल में एक गर्ल्स स्कूल के हॉस्टल (छात्रावास) में आधी रात को भीषण आग लग गई। इस भयानक हादसे में कम से कम 16 छात्राओं की जिंदा जलकर मौत हो गई है, जबकि दर्जनों अन्य छात्राएं गंभीर रूप से झुलस गई हैं। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल है।
तड़के 3:30 बजे भड़की आग, सोती रह गईं मासूमें
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे हुआ, जब गिलगिल क्षेत्र में स्थित एक आवासीय विद्यालय ‘उतुमिशी गर्ल्स स्कूल’ के डॉर्मिटरी (छात्रावास) में अचानक आग भड़क उठी। उस वक्त सभी छात्राएं गहरी नींद में सो रही थीं, जिसके कारण उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते आग ने पूरे हॉस्टल को अपनी चपेट में ले लिया।
इस स्कूल में 800 से अधिक छात्राएं पढ़ती हैं। हादसे में अब तक 16 छात्राओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, देश के शिक्षा मंत्री जूलियस ओगाम्बा के अनुसार, 74 से 79 अन्य छात्राएं इस आगजनी में घायल और झुलस गई हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है।
राष्ट्रपति विलियम रूटो ने जताया गहरा दुख
इस भीषण त्रासदी पर केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो ने गहरा दुख जाहिर किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है।
आखिर कैसे लगी आग? जांच जारी
प्रशासन ने बताया कि आग लगने के असल कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य के साथ-साथ पीड़ितों की सहायता को प्राथमिकता दी जा रही है।

