Chrome यूजर्स हो जाएं अलर्ट! सरकार की बड़ी चेतावनी, एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक अकाउंट
CERT-In ने Google Chrome में गंभीर सुरक्षा खामियों को लेकर चेतावनी जारी की है। पुराने वर्जन इस्तेमाल करने वाले यूजर्स साइबर ठगी और डेटा चोरी के सबसे बड़े निशाने पर हैं।
CERT-In ने Google Chrome यूजर्स के लिए बड़ा साइबर अलर्ट जारी किया है। एजेंसी के मुताबिक Chrome ब्राउजर में कुछ गंभीर सुरक्षा खामियां पाई गई हैं, जिनका फायदा उठाकर साइबर अपराधी यूजर्स का बैंक अकाउंट खाली कर सकते हैं और निजी जानकारी चोरी कर सकते हैं।
पुराने Chrome वर्जन इस्तेमाल करने वालों को सबसे ज्यादा खतरा बताया गया है। साइबर ठग फर्जी लिंक, संक्रमित वेबसाइट और नकली पॉपअप के जरिए लोगों को जाल में फंसा सकते हैं। जैसे ही यूजर ऐसे लिंक पर क्लिक करता है, उसका डिवाइस हैक होने का खतरा बढ़ जाता है।
मालवेयर और डेटा चोरी का बढ़ा खतरा
CERT-In के अनुसार हैकर्स इन कमजोरियों का फायदा उठाकर डिवाइस में मालवेयर इंस्टॉल कर सकते हैं। इसके जरिए यूजर की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है। यहां तक कि कैमरा और माइक्रोफोन तक का एक्सेस मिलने का खतरा भी बना रहता है। ऑनलाइन बैंकिंग और UPI इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए यह खतरा और गंभीर माना जा रहा है।
तुरंत करें Chrome अपडेट
सुरक्षा एजेंसी ने सभी यूजर्स को तुरंत अपना Chrome ब्राउजर अपडेट करने की सलाह दी है। यूजर्स Google Play Store या Chrome Settings में जाकर लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल कर सकते हैं। जिन डिवाइस में ऑटो अपडेट ऑन है, वहां यह अपडेट अपने आप इंस्टॉल हो जाएगा।
कैसे रखें खुद को सुरक्षित?
• किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
• केवल भरोसेमंद वेबसाइट ही खोलें
• बैंकिंग डिटेल्स किसी के साथ शेयर न करें
• Chrome और मोबाइल ऐप्स को हमेशा अपडेट रखें
• टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन जरूर ऑन करें

