भोपाल की ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार, परिवार ने न्याय की लड़ाई में साथ आने की अपील की
दिल्ली AIIMS की टीम ने दोबारा पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंपा शव, पति और सास पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज
भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी Bhopal के चर्चित ट्विशा शर्मा मामले में रविवार को उनका अंतिम संस्कार भदभदा श्मशान घाट में किया गया। दोबारा पोस्टमार्टम के बाद ट्विशा का शव परिवार को सौंप दिया गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने लोगों से न्याय की इस लड़ाई में साथ देने की अपील की है।
परिवार ने भावुक संदेश जारी करते हुए कहा कि उनकी बेटी ने सपनों के साथ जीवन की नई शुरुआत की थी, लेकिन असमय दुनिया छोड़ गई। उन्होंने भोपाल के नागरिकों, माताओं, बहनों और युवाओं से अंतिम यात्रा में शामिल होकर ट्विशा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की।
AIIMS टीम ने दोबारा किया पोस्टमार्टम
दिल्ली के All India Institute of Medical Sciences की टीम ने मामले की दोबारा जांच करते हुए पोस्टमार्टम किया। इसके बाद टीम गिरिबाला सिंह के घर पहुंची और घटनास्थल पर करीब 15 मिनट तक रुककर सीन रिक्रिएट किया। अब AIIMS की टीम अपनी रिपोर्ट कोर्ट को सौंपेगी।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि 11-12 मई की रात ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी बताया गया था, लेकिन परिजनों ने इस रिपोर्ट पर सवाल उठाए।
परिवार का आरोप है कि मृतका के शरीर पर मौजूद चोटों के निशानों का सही उल्लेख पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने पुलिस पर लापरवाही और आरोपी पक्ष के प्रभाव में जांच प्रभावित करने के आरोप लगाए।
मामले में ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और उत्पीड़न का केस दर्ज किया गया है।

