Sun. May 24th, 2026

White House Shooting: वॉइट हाउस के बाहर अंधाधुंध फायरिंग! सीक्रेट सर्विस से मुठभेड़ में 2 को लगी गोली, अंदर ही मौजूद थे राष्ट्रपति ट्रंप

White House Shooting: वाशिंगटन डीसी से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर! अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास वॉइट हाउस के ठीक बाहर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। जिस वक्त गोलियां चल रही थीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अंदर ही मौजूद थे। सीक्रेट सर्विस और हमलावरों के बीच हुई इस खूनी मुठभेड़ का लाइव वीडियो भी सामने आया है। जानिए अंदर क्या हुआ और सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति को कैसे संभाला!

अमेरिका की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली इमारत ‘वॉइट हाउस’ के बाहर शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक अंधाधुंध फायरिंग की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। वॉइट हाउस के ठीक बाहर हुई इस गोलीबारी के बाद राष्ट्रपति की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली ‘सीक्रेट सर्विस’ (Secret Service) तुरंत एक्शन में आ गई और पूरे परिसर को लॉकडाउन कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि जिस समय यह खूनी मुठभेड़ हो रही थी, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वॉइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे और पूरी तरह सुरक्षित हैं।

वॉइट हाउस के ठीक बाहर मुठभेड़, 2 लोगों को लगी गोली

अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास के पास हुई इस घटना की पुष्टि करते हुए सीक्रेट सर्विस ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह सनसनीखेज वारदात 17वीं स्ट्रीट नॉर्थवेस्ट और पेंसिलवेनिया एवेन्यू NW चौराहे के पास हुई, जो वॉइट हाउस के बिल्कुल नजदीक स्थित है।

सीएनएन (CNN) ने एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि सुरक्षाबलों और संदिग्धों के बीच हुई इस सीधी मुठभेड़ में दो लोगों को गोली लगी है। एक कानून प्रवर्तन अधिकारी के मुताबिक, यह घटना तब शुरू हुई जब सीक्रेट सर्विस के यूनिफॉर्म्ड डिवीजन के अधिकारी हथियार से गोली चलाने वाले एक संदिग्ध व्यक्ति की रिपोर्ट पर जवाबी कार्रवाई कर रहे थे। मौके पर मौजूद मीडियाकर्मियों ने दर्जनों राउंड फायरिंग की आवाजें सुनीं।

पत्रकारों को ब्रीफिंग रूम में किया गया नजरबंद

फायरिंग शुरू होते ही वॉइट हाउस के नॉर्थ लॉन में मौजूद प्रेस और मीडिया के सदस्यों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा एजेंटों ने तत्परता दिखाते हुए सभी पत्रकारों को तुरंत वॉइट हाउस के प्रेस ब्रीफिंग रूम के अंदर भेजा। रिपोर्टरों को सख्त हिदायत दी गई कि वे सुरक्षा कारणों से जहां हैं, वहीं डटे रहें और बाहर न निकलें।

घटना के तुरंत बाद अत्याधुनिक राइफलों से लैस सीक्रेट सर्विस के कमांडो नॉर्थ लॉन इलाके में पोजीशन लेते और गश्त करते हुए देखे गए। स्थिति पर पूरी तरह काबू पाने के बाद, अमेरिकी समयानुसार शनिवार शाम करीब 6:45 बजे इलाके से लॉकडाउन हटाया गया।

‘लगा जैसे दर्जनों गोलियां चली हों’ -पत्रकार ने बयां किया आंखों देखा हाल

एबीसी न्यूज (ABC News) की वॉइट हाउस संवाददाता सेलिना वांग इस पूरी घटना की चश्मदीद बनीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना से जुड़ा एक बेहद डरावना वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें गोलियों की तड़तड़ाहट साफ सुनी जा सकती है।

सेलिना वांग ने अपनी पोस्ट में लिखा:

“मैं वॉइट हाउस के नॉर्थ लॉन से एक सोशल वीडियो के लिए अपने आईफोन (iPhone) से रिकॉर्डिंग कर रही थी, तभी हमें अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। वह आवाज इतनी तेज थी कि ऐसा लगा जैसे दर्जनों गोलियां एक साथ चलाई गई हों। हमें सुरक्षाकर्मियों द्वारा प्रेस ब्रीफिंग रूम की ओर तेजी से दौड़ने के लिए कहा गया, जहां हम सभी अभी खुद को सुरक्षित रखे हुए हैं।” वीडियो में सेलिना खुद भी नीचे झुककर अपनी जान बचाती नजर आ रही हैं।

FBI और सीक्रेट सर्विस का संयुक्त सर्च ऑपरेशन

इस हाई-प्रोफाइल सुरक्षा चूक और हमले के बाद फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) भी तुरंत एक्टिव हो गई। FBI डायरेक्टर काश पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि एजेंसी की विशेष टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और वे सीक्रेट सर्विस के साथ मिलकर सबूत जुटा रही हैं। काश पटेल ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि जैसे ही इस घटना से जुड़े पुख्ता तथ्य सामने आएंगे, पूरी जानकारी देश के सामने रखी जाएगी। फिलहाल वॉइट हाउस के आसपास के रास्तों को सीज कर दिया गया है और सुरक्षा घेरा पहले से कई गुना मजबूत कर दिया गया है।

About The Author