Fri. May 22nd, 2026

CBSE स्कैन कॉपी पोर्टल हैक? छात्रों के उड़े होश! 100 की जगह दिखा 69 हजार का चार्ज

स्कैन कॉपी पोर्टल में लगातार तकनीकी दिक्कतें, कई छात्रों को आवेदन के बाद भी नहीं मिली कॉपी

 

 

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE का 12वीं स्कैन कॉपी पोर्टल इन दिनों छात्रों और अभिभावकों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। पिछले चार दिनों से पोर्टल में लगातार तकनीकी दिक्कतें सामने आ रही हैं। कभी पोर्टल पूरी तरह बंद हो जा रहा है तो कभी पेमेंट से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं।

 

सीबीएसई ने 19 मई को 12वीं की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी। छात्रों को प्रति विषय 100 रुपये फीस देकर अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करनी थी। लेकिन अब कई छात्रों ने शिकायत की है कि पोर्टल पर उनसे 8 हजार रुपये से लेकर 69,420 रुपये तक फीस मांगी जा रही है।

 

21 मई की शाम को पोर्टल अचानक बंद हो गया था। इसके बाद 22 मई की सुबह सीबीएसई ने बयान जारी कर कहा कि सब कुछ सामान्य है। हालांकि कुछ ही घंटों बाद फिर से पोर्टल में खराबी की शिकायतें आने लगीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर छात्रों और अभिभावकों ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए दावा किया कि पोर्टल में गलत फीस दिखाई जा रही है।

 

कई छात्रों ने यह भी कहा कि आवेदन और भुगतान पूरा होने के बावजूद उन्हें पिछले तीन दिनों से स्कैन कॉपी नहीं मिली है। इससे छात्रों में चिंता बढ़ गई है, क्योंकि वे रीचेकिंग और आगे की प्रक्रिया के लिए स्कैन कॉपी का इंतजार कर रहे हैं।

 

सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने दावा किया कि CBSE का स्कैन कॉपी पोर्टल हैक हो गया है। हालांकि बोर्ड की तरफ से अब तक किसी हैकिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल इसे तकनीकी खराबी माना जा रहा है।

 

छात्र और अभिभावक अब आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। कई लोगों ने सीबीएसई को टैग करते हुए कहा है कि जब तक पोर्टल पूरी तरह ठीक नहीं हो जाता, तब तक आवेदन प्रक्रिया की समय सीमा आगे बढ़ाई जाए।

 

About The Author