Fri. May 22nd, 2026

सिर्फ दिन नहीं, रातें भी बन रहीं जानलेवा… दुनिया के सबसे गर्म शहरों में भारतीय शहरों की भरमार

ओडिशा, यूपी, बिहार और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी का कहर, मौसम वैज्ञानिकों ने जारी की गंभीर चेतावनी

 

मई की तपती गर्मी ने भारत में हालात बेहद गंभीर बना दिए हैं। सड़कें आग की तरह तप रही हैं, धातु की रेलिंग छूना मुश्किल हो गया है और लोग भीषण लू से बेहाल हैं। दुनिया के सबसे गर्म शहरों की ताजा ग्लोबल रैंकिंग में भारत ने फिर टॉप किया है। लाइव ग्लोबल तापमान रैंकिंग एजेंसी AQI के मुताबिक 22 मई को दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में से 97 शहर भारत के रहे।

 

रिपोर्ट के अनुसार ओडिशा का बलांगीर और बिहार का सासाराम 48 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दुनिया के सबसे गर्म शहर बने। वहीं उत्तर प्रदेश का वाराणसी 47 डिग्री तापमान के साथ तीसरे स्थान पर रहा। छत्तीसगढ़ का बिलासपुर और महासमुंद भी 47 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म शहरों की सूची में शामिल रहे।

 

उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में शामिल रहा, जहां प्रयागराज, मिर्जापुर, गाजीपुर, बांदा, जौनपुर, सीतापुर और बरेली समेत कई शहरों में तापमान 46 से 47 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में चंद्रपुर, नागपुर और अमरावती जैसे शहर भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे। छत्तीसगढ़ में रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर जैसे शहरों में भी हीटवेव की स्थिति बनी रही।

 

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कई शहर भी टॉप 50 सबसे गर्म स्थानों में शामिल रहे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सूखी हवाएं, साफ आसमान और मॉनसून में देरी की वजह से गर्मी लगातार बढ़ रही है। इस बार गर्मी का असर सिर्फ राजस्थान या उत्तर भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वी और मध्य भारत भी इसकी चपेट में है।

 

विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार चिंता की बात सिर्फ दिन का तापमान नहीं, बल्कि रात में भी गर्मी का बने रहना है। कई शहरों में रात का तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल रही। डॉक्टरों ने डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी की बात कही है।

 

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में भीषण गर्मी जारी रह सकती है।

 

About The Author