SBI में 7,150 पदों पर निकली भर्ती, जानें कौन कर सकता है आवेदन और क्या है पूरी योग्यता
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अप्रेंटिस के हजारों पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार 8 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
State Bank of India ने देशभर में 7,150 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 19 मई 2026 से शुरू हो चुके हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 8 जून 2026 तक SBI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
बैंक ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, क्योंकि तय समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है। आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स या किसी भी अन्य स्ट्रीम से पढ़ाई कर चुके उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। SBI की यह भर्ती देश के अलग-अलग राज्यों के लिए निकाली गई है, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।
भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय भाषा का ज्ञान भी जरूरी रखा गया है। SBI के अनुसार ऑनलाइन परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को उस राज्य की स्थानीय भाषा की परीक्षा भी देनी होगी, जहां से उन्होंने आवेदन किया है। उम्मीदवार को संबंधित भाषा पढ़ना, लिखना, बोलना और समझना आना चाहिए। भाषा परीक्षा में असफल होने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 20 वर्ष और अधिकतम उम्र 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 300 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी और PwBD वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन निशुल्क है।
चयन प्रक्रिया ऑनलाइन लिखित परीक्षा के आधार पर होगी। परीक्षा में कुल 100 ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे और हर प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा के लिए एक घंटे का समय दिया जाएगा। इसमें सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी, गणित और रीजनिंग से जुड़े सवाल शामिल होंगे।
बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग लागू होगी। हर गलत जवाब पर एक चौथाई अंक काटा जाएगा।

