चुनावी हार के बाद टीएमसी में हलचल, ममता बनर्जी बोलीं- जो जाना चाहता है, जा सकता है
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी में बढ़ी अंदरूनी हलचल. ममता बनर्जी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संगठन को फिर से मजबूत करने की अपील की.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के हाथों मिली करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. चुनावी नतीजों के बाद पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के दूसरी पार्टियों में जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं. इसी बीच टीएमसी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने पार्टी नेताओं और प्रत्याशियों के साथ अहम बैठक की.
शुक्रवार को कालीघाट स्थित आवास पर हुई इस बैठक में चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशी शामिल हुए. बैठक में पार्टी महासचिव Abhishek Banerjee भी मौजूद रहे. ममता बनर्जी ने नेताओं और कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि पार्टी हार के बाद भी दोबारा मजबूती के साथ खड़ी होगी.
बैठक के दौरान ममता बनर्जी ने साफ शब्दों में कहा कि जो नेता पार्टी छोड़ना चाहते हैं, वे ऐसा करने के लिए स्वतंत्र हैं. उन्होंने कहा, “जो लोग दूसरी पार्टियों में जा रहे हैं, उन्हें जाने दो. मैं पार्टी को फिर से बना लूंगी और मजबूत करूंगी.” उन्होंने कार्यकर्ताओं से क्षतिग्रस्त पार्टी कार्यालयों के पुनर्निर्माण और उन्हें दोबारा शुरू करने की अपील भी की.
ममता बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस कभी झुकेगी नहीं और जनता के जनादेश की लूट हुई है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का संदेश दिया.
यह बैठक ऐसे समय में हुई जब पार्टी के अंदर असंतोष और संभावित दलबदल की खबरें लगातार सामने आ रही हैं. बताया जा रहा है कि चुनाव परिणाम आने के बाद ही कुछ नेताओं के पार्टी छोड़ने की संभावना की जानकारी ममता बनर्जी को मिल गई थी.
इससे पहले भी पांच मई को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममता बनर्जी ने कहा था कि कई नेता दूसरी पार्टी ज्वाइन करने के लिए टीएमसी छोड़ सकते हैं. उन्होंने कहा था कि वह किसी को जबरन रोकने में विश्वास नहीं करतीं.

