पेट्रोल-डीजल 3 रुपए महंगा, रायपुर में फ्यूल स्टेशनों पर लंबी कतार
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसका असर सीधे आम जनता पर पड़ रहा है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल 103.58 रुपए प्रति लीटर और डीजल 96.57 रुपए प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद शहर के कई पेट्रोल पंपों पर दूसरे दिन भी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
लोगों में बढ़ती चिंता के चलते कई वाहन चालक सामान्य जरूरत के बजाय फुल टैंक ईंधन भरवाने लगे हैं, जिससे पेट्रोल पंपों पर भीड़ अचानक बढ़ गई है।
प्रशासन ने बताया भीड़ का कारण अफवाहें
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैली अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। इससे फ्यूल स्टेशनों पर अनावश्यक दबाव बढ़ गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और सामान्य जरूरत के अनुसार ही ईंधन भरवाएं, ताकि सप्लाई सिस्टम पर अनावश्यक बोझ न पड़े।
अन्य शहरों में भी बढ़े दाम
छत्तीसगढ़ के अन्य प्रमुख शहरों में भी ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बिलासपुर में पेट्रोल 104.26 रुपए और डीजल 97.25 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। अंबिकापुर में पेट्रोल 104.60 रुपए और डीजल 97.66 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। रायगढ़ में पेट्रोल 104.53 रुपए और डीजल 97.52 रुपए प्रति लीटर दर्ज किया गया है, जबकि जगदलपुर में पेट्रोल 105.22 रुपए और डीजल 98.22 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
आम जनता की जेब पर असर
ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ना तय माना जा रहा है। डीजल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिससे सब्जियां, फल और अन्य जरूरी सामानों के दामों में भी इजाफा हो सकता है।ट्रांसपोर्ट सेक्टर में ट्रक और टेम्पो के किराए बढ़ने की संभावना है, जिससे दूसरे राज्यों से आने वाले सामान भी महंगे हो सकते हैं।
किसानों और परिवहन पर असर
डीजल की कीमत बढ़ने से किसानों की लागत भी बढ़ेगी। ट्रैक्टर और सिंचाई के लिए इस्तेमाल होने वाले पंपिंग सेट चलाना महंगा हो जाएगा, जिससे खेती की कुल लागत पर असर पड़ेगा।
इसके अलावा सार्वजनिक परिवहन पर भी असर देखने को मिल सकता है। बसों और ऑटो रिक्शा के किराए में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। स्कूल बसों की फीस पर भी इसका असर पड़ सकता है।
ब्लैक मार्केटिंग पर प्रशासन अलर्ट
रायपुर प्रशासन ने पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी और ओवरचार्जिंग रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। नागरिक किसी भी तरह की अनियमितता की शिकायत इन नंबरों पर कर सकते हैं—9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594।

