WhatsApp Scam: शादी का कार्ड खोलते ही उड़ गए 5 लाख रुपये, ऐसे हुआ बड़ा साइबर फ्रॉड
WhatsApp पर आए शादी के नकली इनवाइट ने एक कारोबारी को लाखों का नुकसान पहुंचा दिया। APK फाइल डाउनलोड करते ही साइबर ठगों ने फोन और बैंकिंग ऐप्स पर कब्जा कर लिया।
Wedding Invitation Scam: ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और साइबर अपराधी लोगों को फंसाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इस बार ठगों ने WhatsApp पर शादी के कार्ड का सहारा लेकर एक कारोबारी को लाखों रुपये का चूना लगा दिया। मामला बेंगलुरु का बताया जा रहा है, जहां एक 42 वर्षीय बिजनेसमैन साइबर फ्रॉड का शिकार हो गया।
शादी के कार्ड के नाम पर भेजा गया मैसेज
रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़ित को WhatsApp पर एक मैसेज मिला जिसमें शादी समारोह का निमंत्रण भेजा गया था। मैसेज में कहा गया था कि पूरी जानकारी देखने के लिए साथ में भेजी गई फाइल डाउनलोड करें। यह मैसेज और कार्ड बिल्कुल असली लग रहा था, इसलिए व्यक्ति को किसी तरह का शक नहीं हुआ।
APK फाइल डाउनलोड करते ही फोन हुआ हैक
मैसेज के साथ भेजी गई फाइल APK फॉर्मेट में थी, जिसका इस्तेमाल Android ऐप इंस्टॉल करने के लिए किया जाता है। जैसे ही पीड़ित ने फाइल डाउनलोड कर उसे इंस्टॉल किया और जरूरी परमिशन दी, वैसे ही उसके फोन में एक खतरनाक ऐप एक्टिव हो गया।
इस ऐप ने मोबाइल के बैंकिंग ऐप, UPI, कैमरा और निजी डेटा तक पहुंच बना ली। इसके बाद साइबर अपराधियों को फोन का लगभग पूरा कंट्रोल मिल गया।
कुछ ही मिनटों में खाते से निकले लाखों रुपये
रिपोर्ट के अनुसार सुबह करीब 4:45 बजे से 4:54 बजे के बीच पीड़ित के बैंक खाते से कई UPI ट्रांजैक्शन किए गए। कुछ ही मिनटों में करीब 5,00,440 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित को इस धोखाधड़ी की जानकारी तब हुई जब बैंक से लगातार पैसे कटने के मैसेज आने लगे।
पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि यह किसी बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।
कैसे बचें ऐसे साइबर फ्रॉड से?
विशेषज्ञों का कहना है कि WhatsApp या किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर आने वाली अनजान APK फाइल कभी डाउनलोड नहीं करनी चाहिए। किसी भी लिंक या ऐप को इंस्टॉल करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांचें। साथ ही मोबाइल में अनजान ऐप्स को परमिशन देने से बचें और बैंकिंग अलर्ट हमेशा ऑन रखें।

