Wed. May 13th, 2026

आज का गोल्ड रेट: सोना फिर चमका, एक दिन में इतने रुपये महंगा.. तोड़े रिकॉर्ड

डॉलर और क्रूड की नरमी से सोने में तेजी, चांदी भी ₹10,000 प्रति किलो उछली

6 मई 2026 को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी का सीधा असर अब घरेलू बाजार पर दिखने लगा है। लगातार दो दिनों की सुस्ती के बाद आज गोल्ड ने मजबूती के साथ वापसी की है, जिससे निवेशकों और खरीदारों दोनों का ध्यान इस ओर आकर्षित हुआ है।

आज देशभर में 24 कैरेट सोना 2,210 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया है। वहीं 22 कैरेट सोने में 1,950 रुपये और 18 कैरेट सोने में 1,590 रुपये प्रति 10 ग्राम की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,51,440 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया है, जबकि 22 कैरेट सोना 1,38,850 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। 18 कैरेट सोने की कीमत 1,16,630 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है।

देश के अन्य बड़े शहरों जैसे मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और रायपुर में भी सोने के दाम लगभग इसी स्तर पर बने हुए हैं। वहीं चेन्नई में सोने की कीमत थोड़ी अधिक रही, जहां 24 कैरेट सोना 1,53,280 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।

चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया है। दिल्ली में चांदी 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी होकर 2,65,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई है। मुंबई और कोलकाता में भी यही रेट देखने को मिला, जबकि चेन्नई में चांदी 2,70,900 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्च स्तर पर पहुंच गई।

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और डॉलर पर दबाव के कारण सोने की मांग बढ़ रही है। इसके अलावा केंद्रीय बैंकों की खरीदारी और अमेरिका में ब्याज दरों में संभावित कटौती भी सोने को सपोर्ट दे रही है। हालांकि अल्पकाल में हल्की गिरावट संभव है, लेकिन साल के अंत तक सोना 1.63 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।

About The Author