Saturday India Box Office: शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर धमाका, ‘भूत बंगला’ 100 करोड़ क्लब में शामिल, ‘धुरंधर 2’ और ‘माइकल’ की भी चांदी
Saturday India Box Office: भारतीय बॉक्स ऑफिस के लिए यह शनिवार बेहद सफल साबित हुआ है। दर्शकों की भारी भीड़ के चलते सिनेमाघरों में पैसों की जमकर बारिश हुई। इस हफ्ते तीन बड़ी फिल्में, ‘भूत बंगला’, ‘धुरंधर 2’ और हॉलीवुड बायोपिक ‘माइकल’, मैदान में हैं। दिलचस्प बात यह है कि जहाँ ‘धुरंधर 2’ और ‘भूत बंगला’ की कमाई में शुरुआती कार्यदिवसों में गिरावट देखी जा रही थी, वहीं शनिवार की छुट्टी का फायदा उठाते हुए दोनों फिल्मों ने पिछले 5 दिनों के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है।
‘भूत बंगला’ ने रचा इतिहास, 100 करोड़ क्लब में एंट्री
अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भूत बंगला’ ने अपनी रिलीज के 9वें दिन एक बड़ा मील का पत्थर हासिल कर लिया है। शनिवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत करते हुए 10.75 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया। इस कलेक्शन के साथ ही फिल्म का कुल नेट इंडिया कलेक्शन 100.90 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में 84.40 करोड़ की कमाई की थी और अब दूसरे शनिवार की इस बड़ी उछाल ने इसे सुपरहिट की श्रेणी में ला खड़ा किया है।
‘धुरंधर 2’ की जबरदस्त वापसी
छठे हफ्ते में होने के बावजूद ‘धुरंधर 2’ का जलवा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। फिल्म की कमाई में लगातार हो रही गिरावट के बाद, 38वें दिन इसने अचानक रफ़्तार पकड़ी और 2.95 करोड़ रुपये का कारोबार किया। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले पाँच दिनों (33वें से 37वें दिन) में फिल्म का कलेक्शन 2 करोड़ के आंकड़े को भी नहीं छू पा रहा था, लेकिन शनिवार को 22% की ऑक्यूपेंसी के साथ इसने एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर अपनी हुंकार भरी है।
पॉप किंग की बायोपिक ‘माइकल’ का जादू
अमेरिकी पॉप स्टार माइकल जैक्सन के जीवन पर आधारित फिल्म ‘माइकल’ ने भी भारतीय बाजार में अपनी मजबूत स्थिति बना ली है। फिल्म की कमाई में शनिवार को बड़ा उछाल देखा गया और इसने अकेले इस दिन 5.00 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। जाफर जैक्सन अभिनीत इस फिल्म का कुल कलेक्शन अब 10.30 करोड़ रुपये हो गया है। पेड प्रीव्यूज और पहले दिन की धीमी शुरुआत के बाद, दूसरे दिन की इस ग्रोथ ने फिल्म की सफलता की राह आसान कर दी है।

