30 लाख के इनामी नौ माओवादियों का समर्पण, एके 47 और गोला-बारूद जब्त
Naxal encounter:
गढ़चिरौली में तीन एरिया कमेटी सदस्य समेत नौ माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। 30 लाख के इनामी इन नक्सलियों से हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया गया।
राजनांदगांव। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में मंगलवार को तीन एरिया कमेटी सदस्य सहित नौ माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इन पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम था। आत्मसमर्पण करने वालों में बीजापुर और सुकमा जिले के माओवादी शामिल हैं।
इनमें शांति वनजा वड्डे और सुक्की बामी कुंजम ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया। एक ने एके-47 और 30 जिंदा कारतूस और दूसरे ने कार्बाइन रायफल के साथ सरेंडर किया। पुलिस ने महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा के कुमनार जंगल क्षेत्र से हथियार और गोला-बारूद जब्त किया गया। इसमें एके-47 राइफल, तीन मैगजीन, 57 जिंदा कारतूस, तीन वाकी टाकी, चार बैटरी, 20 पेन ड्राइव समेत और अन्य सामग्री शामिल है।
पुलिस ने बताया कि सात अन्य माओवादियों ने पांच दिन पहले ही गढ़चिरौली पुलिस के सामने समर्पण किया था। उनसे हुई पूछताछ के बाद गुंडापुरी जंगल में छिपाकर रखी गई 7.62 एसएलआर की दो रायफल, एक सिंगल शाट हथियार, 50 डेटोनेटर सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
आत्मसमर्पण करने वालों में ये लोग भी शामिल
आत्मसमर्पण करने वालों में एसीएम दसारी, रामजी अदामा पोटाम और शांति वनजा वड्डे के साथ मनकु मासो पोडम, सरिता राम वेलकम, लखमी ऐतु कुंजाम, नांदे जोगा माडे, राकेश कोरके मज्जी और सुक्की बामी कुंजम शामिल हैं।

