CG Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जन्मदिन, रायपुर में मनोरंजन के साथ लगेंगे ये विशेष शिविर
CG Morning News
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपना 62वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर वे जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे और अपने गृह ग्राम बगिया में धार्मिक कार्यक्रम के साथ जन्मदिन मनाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 9 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से निकलेंगे और पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा बगिया रवाना होंगे। सुबह 10:30 बजे बगिया पहुंचने के बाद वे अपने निवास जाएंगे, जहां सत्यनारायण व्रत कथा का आयोजन रखा गया है। कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री दोपहर 3:40 बजे बगिया से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम करीब 5:20 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
10वीं बोर्ड परीक्षा आज से
रायपुर। प्रदेश में आज से कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं (CG Board Exam 2026) शुरू हो रही हैं। इस वर्ष परीक्षा के लिए 3,23,705 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले साल के 3,28,716 पंजीकरण से कम है। परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भाजपा कार्यालय का घेराव करेगी युवा कांग्रेस
दिल्ली में आयोजित इंडिया AI समिट के दौरान हुए हंगामे के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसके विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस ने आज भाजपा कार्यालय के घेराव की घोषणा की है। प्रदर्शन दोपहर 2 बजे रायपुर के राजीव गांधी चौक से शुरू होगा, जिसका नेतृत्व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा करेंगे।
आधार नामांकन एवं सुधार शिविर आज
रायपुर। डाक विभाग की ओर से आधार नामांकन और अपडेट के लिए 21 फरवरी को विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। यह शिविर आंगनबाड़ी कुकरीपारा, प्रोफेसर कॉलोनी, ग्राम पंचायत भवन सेंदरस, सरसींवा और ग्राम पंचायत सांकरा में आयोजित होंगे। शिविर में नया आधार बनवाने के साथ नाम, जन्मतिथि, पता, फोटो, मोबाइल नंबर अपडेट और बायोमेट्रिक अनलॉक जैसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य है, जो 1 अक्टूबर 2025 से एक वर्ष तक निःशुल्क किया जा रहा है।
रायपुर में आज
निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
नहर पारा विकास समिति द्वारा गुरुनानक चौक स्थित लाइंस क्लब परिसर में मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया है। शिविर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा।
नाट्य मंचन ‘जाणता राजा’ का तीसरा शो
प्रसिद्ध नाटक ‘जाणता राजा’ का तीसरा मंचन नाट्य मंडली पुणे और स्थानीय कलाकारों द्वारा किया जाएगा। यह भव्य प्रस्तुति साइंस कॉलेज मैदान में शाम 6:30 बजे से शुरू होगी।
भाजपा विधायक दल की बैठक 22 फरवरी को
रायपुर। भाजपा विधायक दल की बैठक 22 फरवरी को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में रात 8 बजे होगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इसमें आगामी विधानसभा बजट सत्र की रणनीति और विपक्ष के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी 22 फरवरी को
रायपुर। कांग्रेस विधायक दल की बैठक 22 फरवरी को डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में आयोजित होगी। यह बैठक शाम 4 बजे राजीव भवन में होगी, जिसमें बजट सत्र से पहले सरकार को घेरने की रणनीति पर विचार किया जाएगा।
एचएनएलयू का दीक्षांत समारोह 22 को
रायपुर। हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी का 9वां दीक्षांत समारोह 22 फरवरी को आयोजित होगा। विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथियों और मेडल वितरण से जुड़ी जानकारी जल्द साझा की जाएगी।

