Sat. Mar 21st, 2026

अजित पवार की मौत पर राजनीति से भड़के CM फडणवीस और शिंदे, बोले- ‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है…’

बुधवार को प्लेन क्रैश में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया। इस घटना से हर ओर शोक की लहर है। हालांकि, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने इस हादसे को लेकर साजिश की आशंका जताई जिसके बाद राजनीति का दौर शुरू हो गया है।

 

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार की आकस्मिक मौत ने सबको चौंका दिया है। बता दें कि बुधवार की सुबह महाराष्ट्र के डिप्टी चीफ मिनिस्टर का प्लेन बारामती में क्रैश हो गया। इस हादसे में अजित पवार समेत प्लेन में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। इस हादसे पर पीएम मोदी समेत देश भर के तमाम नेताओं और हस्तियों ने शोक जताया है। हालांकि, अजित पवार के निधन पर राजनीति भी शुरू हो गई है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अजित पवार के निधन पर साजिश की आशंका जताई है और मामले की जांच की मांग की है। वहीं, अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवनीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने इस हादसे पर राजनीति को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

सीएम ममता के बयान से शुरू हुई राजनीति

अजित पवार के निधन से हर तरफ शोक है लेकिन ऐसे वक्त में भी कुछ नेताओं ने भी उनकी मौत को सियासत की मुद्दा बनाने की कोशिश की। ममता बनर्जी को तो अजित पवार के प्लेन क्रैश में साज़िश दिखाई दी। ममता ने कहा कि अजित पवार, शरद पवार के पास लौटने वाले थे, BJP का साथ छोड़ने वाले थे। ऐसे में उनका प्लेन क्रैश होना किसी साज़िश का नतीजा भी हो सकता है। ममता ने कहा कि इस हादसे की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच होनी चाहिए। क्योंकि जांच एजेंसियों पर तो उनको बिल्कुल भी भरोसा नहीं है।

कांग्रेस ने भी अजित पवार का प्लेन क्रैश होने को लेकर तमाम शंकाएं जाहिर की। दिग्विजय सिंह ने कहा कि जिस कंपनी की फ्लाइट से अजित पवार बारामती जा रहे थे उसका एक प्लेन 2023 में क्रैश हुआ था।उसकी जांच रिपोर्ट का क्या हुआ, रिपोर्ट क्यों नहीं आई और एक क्रैश के बावजूद, VSR वेंचर्स को चार्टर्ड फ्लाइट उड़ाने की परमीशन किसने दी? इन सभी सवालों के जवाब तभी मिलेंगे, जब निष्पक्ष जांच होगी।

सपा  प्रमुख अखिलेश यादव ने भी सीएम ममता बनर्जी की मांग को सपोर्ट किया। अखिलेश ने कहा कि इतने बड़े नेता की इस तरह से मौत पर सवाल तो उठते हैं, निष्पक्ष जांच हो, तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

फडणवीस क्या बोले?

अजित पवार के निधन पर शुरू हुई राजनीति पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताआ और सीएम ममता बनर्जी को जवाब दिया। देवेंद्र फडणवीस ने ममता बनर्जी को आईना दिखाया। फडणवीस ने कहा कि “किसी की मौत पर राजनीति करना ठीक नहीं है। इस तरह के आरोप लगाने से पहले ममता दीदी को कम से कम शरद पवार की बात सुन लेनी चाहिए।” बता दें कि बुधवार की शाम को शरद पवार ने सारी अटकलों पर विराम लगा दिया था और कहा था कि ये एक हादसा है और इसपर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

एकनाथ शिंदे ने क्या कहा?

अजित पवार के निधन पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के बयान पर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा- “जब ऐसी घटनाएं होती हैं, तो ऐसी स्थिति में राजनीति करना उचित नहीं है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। राजनीति करना और यह कहना कि इसमें कोई साजिश शामिल है, बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। शरद पवार साहब ने खुद स्पष्ट किया है कि यह महज एक दुर्घटना थी, और इसमें कोई साजिश नहीं है। महाराष्ट्र पूरी तरह से दुख के सागर में डूबा हुआ है। हमने आज देखा कि हजारों-लाखों लोग वहां मौजूद थे और ‘अजीत दादा, अजित दादा’ कह रहे थे। ऐसी दुर्घटना होने पर संदेह पैदा करना और आरोप लगाना परिवार और महाराष्ट्र के लोगों के लिए दुखदायी है। राजनीति करने के लिए बहुत समय और बहुत अवसर हैं। ऐसे समय में अगर बाहर से कोई कुछ कहे, आरोप लगाए तो यह उचित नहीं है, यह गलत है। किसी को इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए, किसी को राजनीतिक लाभ के लिए इसका फायदा उठाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।”

About The Author