Mon. Mar 2nd, 2026

Mehul Choksi Arrested: PNB लोन घोटाले का आरोपी भगोड़ा मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार

Mehul Choksi Arrested: पीएनबी घोटाले का आरोपी भगोड़ा मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया है। उसने पंजाब नेशनल बैंक से 13,500 करोड़ रुपये का लोन फ्रॉड किया था और बेल्जियम भाग गया था।

Mehul Choksi Arrested: पीएनबी लोन घोटाले का आरोपी भगोड़ा मेहुल चोकसी बेल्जियम में गिरफ्तार कर लिया गया है। भारतीय एजेंसियों द्वारा मेहुल चोकसी को बेल्जियम में  लोकेट किया गया था।  बता दें कि साल 2021 के अंत में मेहुल चोकसी एंटीगुआ से फरार हो गया था और बेल्जियम पहुंच गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गीतांजलि जेम्स के फाउंडर रहे हीरा कारोबारी रहे 65 वर्षीय चोकसी को केंद्रीय जांच ब्यूरो, सीबीआई की अपील पर शनिवार (12 अप्रैल, 2025) को गिरफ्तार किया गया था और वह अभी भी जेल में है। अब इसके प्रत्यर्पण की तैयारी होगी। हालांकि कोर्ट में उसके वकील सेहत और तमाम दलील देकर जमानत की कोशिश करेंगे। एसोसिएटेड प्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चोकसी ने भारत में प्रत्यर्पण से बचने के लिए बेल्जियम में निवास प्राप्त करने के लिए भ्रामक और मनगढ़ंत दस्तावेज़ दिए।

13,500 करोड़ रुपये का लोन फ्रॉड 

मेहुल चोकसी ने पंजाब नेशनल बैंक से 13,500 करोड़ रुपये का लोन फ्रॉड किया था। धोखाधड़ी करने के बाद चोकसी गिरफ्तारी से बचने के लिए भारत से भागकर बेल्जियम पहुंच गया था। यहां वो अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ एंटवर्प में रह रहा था क्योंकि प्रीति चोकसी के पास बेल्जियम की नागरिकता है। कहा जा रहा था कि उसके पास बेल्जियम में ‘एफ रेजीडेंसी कार्ड’ है और वो इलाज के लिए एंटीगुआ से बेल्जियम आया था।

नीरव मोदी के साथ भागा था चोकसी

पंजाब नेशनल बैंक में लोन धोखाधड़ी का मामला सामने आने के पहले ही मेहुल चोकसी अपने भतीजे नीरव मोदी के साथ जनवरी 2018 में भारत से भाग गया था। पीएनबी लोन घोटाला भारत का दूसरा सबसे बड़ा बैंक घोटाला था। बैंक फ्रॉड सामने आने से पहले ही चोकसी ने एंटीगुआ की नागरिकता ले ली थी।  2021 में जब चोकसी क्यूबा जा रहा था तब डोमिनिका में उसे पकड़ा गया था। गिरफ्तारी के बाद मेहुल ने कहा था कि राजनीतिक साजिश के कारण ये सब किया जा रहा है। उसने आरोप लगाया था कि ईडी ने अवैध तरीक से उसकी संपत्तियों को भारत में जब्त कर रखा है।

About The Author