Sun. May 17th, 2026

Delhi News : आतिशी का अनशन टूटने पर स्वाति मालीवाल का कटाक्ष

Delhi News : दिल्ली की जल मंत्री आतिशी की भूख हड़ताल मंगलवार को तबीयत बिगड़ने के बाद खत्म हो गई। आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि 43 वर्षीय जल मंत्री को ब्लड शुगर लेवल 36 तक गिरने के बाद दिल्ली के लोक नायक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Delhi News : नई दिल्ली। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ने के बाद उनका अनिश्चितकालीन अनशन मंगलवार को पांचवें दिन समाप्त हो गया। वह हरियाणा सरकार से पानी की मांग को लेकर पिछले पांच दिनों से भूख हड़ताल पर थीं। इसे लेकर आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने आतिशी पर तंज कसा है।

सत्याग्रह हमेशा सच्चे और पवित्र मन से किया जाता है- स्वाति
उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “गांधी जी ने अनशन की पवित्र विधि को सत्याग्रह का नाम दिया था। सत्याग्रह जो हमेशा सच्चे और पवित्र मन से किया जाता है। मैंने दो बार अनशन किया। एक बार 10 दिन और एक बार 13 दिन। मेरे अनशन के बाद देश में बच्चों के बलात्कारियों को फांसी की सजा हो, ऐसा कानून भी बना। संघर्ष की राह बहुत मुश्किल होती है। कई साल जमीन पर संघर्ष करके ही अनशन करने की शक्ति हासिल होती है। दूसरों के बारे में पूरा दिन झूठी और गंदी बातें बोलके नहीं। खैर, आशा है जल्द आतिशी जी का स्वास्थ्य ठीक होगा और वो दिल्ली के लोगों के लिए काम करेंगी।”

36 तक पहुंचा आतिशी का शुगर लेवल
इससे पहले आम आदमी पार्टी ने कहा था आतिशी का ब्लड शुगर लेवल आधी रात को 43 और मंगलवार सुबह तीन बजे 36 तक गिर गया। पार्टी ने एक्स पर कहा, “उन्होंने पिछले पांच दिनों से कुछ नहीं खाया है।”

आतिशी ने दिल्ली में लंबे समय से चल रही भीषण गर्मी के बीच 21 जून को अपनी भूख हड़ताल शुरू की थी और भाजपा शासित हरियाणा से राष्ट्रीय राजधानी के लिए पानी छोड़ने की मांग की थी। उन्होंने हरियाणा पर 100 मिलियन गैलन प्रतिदिन (एमजीडी) कम पानी जारी करके दिल्ली के लगभग 28 लाख लोगों को वंचित करने का आरोप लगाया है।

About The Author

इन्हें भी पढ़े