Thu. Feb 19th, 2026

समस्तीपुर न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान दो कैदियों को मारी गोली, कुछ नहीं कर पाई पुलिस

बिहार। समस्तीपुर जिले में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने कानून को ठेंगा दिखाया। बदमाशों ने न्यायालय परिसर में अंधाधुंध फायरिंग की है। इस दौरान चार बदमाशों ने पेशी के लिए आए दो कैदियों को गोली मारकर जख्मी कर दिया। दोनों जख़्मी कैदिओं को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों का इलाज़ जारी है। सरे आम दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा तफ़री का माहौल हो गया। दिनदहाड़े कोर्ट परिसर में फायरिंग की घटना से लोग दहशत में आ गए है। वहीं पुलिसिया व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस बल के सामने मारी गोली

घायल कैदी प्रभात चौधरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान बताया कि अचानक अपराधी हमारे ऊपर गोली चलाने लगे, जिसमें एक गोली मेंरी जांघ में लगी है और बचाने में एक गोली मेरे दोस्त को भी लगी है। प्रभात ने बताया कि उसकी कोर्ट में पेशी थी, जिस दौरान ये हमला हुआ।

वहीं इस हमले पर प्रभात चौधरी के वकील चंदन कुमार सिंह ने कहा कि इसमें प्रशासन की कोई मुस्तैदी नहीं दिखी, ये पूरी तरह से प्रशासन का ही दोष है। इतने पुलिस बल के बीच प्रभात को बेहद आराम से अपराधी गोली मारके चले गए।

इस घटना पर एसपी ने मानी पुलिस की लापरवाही

इस मामले में एसपी विनय तिवारी ने कहा कि कुछ दिन पहले एक कुख्यात शराब माफिया प्रभात चौधरी। जिसे हम ने 6 महीने की सर्विलेंस और कड़ी मशक्कत के बाद एसटीएफ और टेक्निकल टीम की मदद से पकड़ा था। उसी के केस की सुनवाई चल रही थी और पेशी थी। इसी क्रम में चार अज्ञात अपराधी आए और उन लोगों ने प्रभात चौधरी को टारगेट करके फायरिंग की है।

एसपी ने बताया कि प्रभात के पैर में गोली लगी है, चोट गंभीर नहीं है। हालांकि एसपी विनय तिवारी ने ये माना कि घटना के दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। कोर्ट परिसर में मौजूद पुलिस वालों की ओर से लापरवाही हुई। अगर समय से गेट बंद कर दिया जाता तो अपराधी हमले के बाद भागने में सफल नहीं होते।

About The Author