तेंदुआ ने बच्चों पर किया हमला, बहादुर बच्चे ने इस तरह तेंदुआ को भगाया
उत्तरप्रदेश। बागेश्वर के गरुड़ क्षेत्र में तेंदुआ के दस्तक से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गरुड़ क्षेत्र में स्कूल जा रही छात्रा पर एक तेंदुआ ने हमला कर दिया। हमले से छात्रा घायल हो गयी है। छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि भिकोट गांव के चार बच्चे घर से स्कूल जा रहे थे। रास्ते में घात लगाए बैठे तेंदुआ ने बच्चों पर हमला कर दिया। अचानक हमले से बच्चों के बीच अफरा-तफरी मच गई। भागने के दौरान एक छात्रा को तेंदुआ ने निशाना बनाया, दूसरे छात्र भास्कर परिहार ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुआ पर पत्थरों से वार करना शुरू कर दिया। सिर पर पत्थर लगने के बाद तेंदुआ वहां से भाग निकला।
तब तक तेंदुआ के हमले से छात्रा जख्मी हो गयी थी। छात्रा के हाथ और पैर में दांत और नाखून के निशान आ गए और खून भी बहने लगा था। हमले में घायल छात्रा को अस्पताल ले जाया गया। वन विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने बताया कि 5 साल पहले तेंदुआ तीन बच्चों को शिकार बना चुका है।
डीएफओ बागेश्वर का कहना है कि गांव में गश्ती बढ़ाई जायेगी। जरूरत पड़ने पर तेंदुआ को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया जायेगा। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार वन्य जीव संघर्ष को खत्म करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

