Mon. Jun 1st, 2026

दिल्ली के GTB हॉस्पिटल से 7 महीने का बच्चा लापता, पुलिस ने अपहरण का मामला किया दर्ज

Delhi News: दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल से 7 महीने के बच्चे के गायब होने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस ने बच्चे के कथित अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्चे और उसे लेकर गई महिला की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं.पुलिस के मुताबिक, शनिवार 31 मई को PCR कॉल के जरिए सूचना मिली कि GTB अस्पताल से 7 महीने का एक बच्चा गायब हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता महिला की पहचान 23 वर्षीय नाजरीन के रूप में हुई है, जो दिल्ली के सीलमपुर इलाके की रहने वाली है। नाजरीन ने पुलिस को बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से उसकी एक अज्ञात महिला से जान-पहचान हो गई थी।

एक हफ्ते में हुई दोस्ती

पुलिस के अनुसार, नाजरीन और वह अज्ञात महिला सीलमपुर इलाके में नियमित रूप से मिलती थीं। दोनों के बीच बातचीत होने लगी और धीरे-धीरे परिचय बढ़ गया। नाजरीन का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से वह महिला उससे लगातार मिल रही थी। इसी वजह से उसे उस महिला पर भरोसा हो गया था। शनिवार को नाजरीन अपने 7 महीने के बेटे के साथ GTB अस्पताल पहुंची। उसके साथ वह अज्ञात महिला भी मौजूद थी।

मेडिकल स्लिप बनवाने गई, लौटी तो बच्चा गायब

पुलिस जांच में सामने आया है कि अस्पताल पहुंचने के बाद नाजरीन मेडिकल स्लिप बनवाने के लिए अंदर गई थी। इस दौरान उसने अपने बच्चे को उस महिला के पास छोड़ दिया.जब नाजरीन अस्पताल के भीतर से वापस लौटी तो वहां न तो महिला मौजूद थी और न ही उसका 7 महीने का बेटा। दोनों के अचानक गायब होने के बाद उसके होश उड़ गए। महिला ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

अपहरण का केस दर्ज किया, तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी महिला कौन है, वह कहां रहती है और बच्चे को लेकर किस दिशा में गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चे और आरोपी महिला का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में भी जांच तेज कर दी गई है। फिलहाल पुलिस बच्चे की सुरक्षित बरामदगी को प्राथमिकता मानते हुए हर संभावित सुराग पर काम कर रही है। मामले की जांच जारी है।(एजेंसी)

About The Author

इन्हें भी पढ़े