ग्रेटर नोएडा में एक परिवार के 5 सदस्यों की मौत, आखिरी बार मैगी खाने की बात आई सामने
ग्रेटर नोएडा न्यूज़ : ग्रेटर नोएडा में एक मामला सामने आया है, जहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में माता-पिता और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। यह घटना ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में हुई है। इन मौतों से इलाके में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि परिवार के सदस्यों की मौत किसी चीज को खाने-पीने की वजह से हुई है।
बताया जा रहा है कि उन्होंने आखिरी बार चाय और मैगी (इंस्टेंट नूडल्स) का सेवन किया था। इसके बाद, परिवार के सभी पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि, मौत का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में फूड पॉइजनिंग का संदेह है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये मौतें कुछ खाने के बाद हुईं। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। परिवार ने आखिरी बार चाय और मैगी ली थी, लेकिन क्या मौत की वजह यही थी—या कोई और कारण है—यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के असली कारण का पता लगाने की कोशिश कर रही है। (एजेंसी)

