Rajgarh Accident: उफनते नाले में बही कार, परमार परिवार के 10 लोगों की मौत
राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले स्थित सारंगपुर ब्लॉक के पढ़ाना गांव में रविवार को हृदयविदारक हादसा सामने आया है। तेज बारिश के कारण उफान पर आए नाले को पार करने के प्रयास में ईको कार बह गई। इस दुर्घटना में कार सवार एक ही परिवार के 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति को घटना के तुरंत बाद सुरक्षित बचा लिया गया। मृतक परमार परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो देवास के सतवास से कडलावद जा रहे थे। कार में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमे 3 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल थे।
उफनते नाले में उतारी कार पानी में बही
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार झिरी नाले पर पानी का बहाव बेहद तेज था। ग्रामीणों ने कार चालक को पानी के बीच से निकलने से रोका भी लेकिन चालक ने अनदेखा करते हुए गाड़ी को नाले में उतार दिया। पानी के तेज थपेड़ों में कार अनियंत्रित होकर गहरे पानी में बह गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी और एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने अब तक 10 लोगों के शव पानी से बाहर निकाल लिए हैं।

