Sat. Jul 18th, 2026

महादेव सट्टा ऐप से हर महीने 450 करोड़ की वसूली! कारोबारी विकास गर्ग के खुलासे से हड़कंप

Mahadev Satta App: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने महादेव बेटिंग ऐप के जरिए हर महीने होने वाली 450 करोड़ की गैर-कानूनी कमाई को सफेद करने वाले एक बड़े इंटरनेशनल नेटवर्क का पता लगाया है। इस मामले में दिल्ली में गिरफ्तार किए गए बिजनेसमैन विकास गर्ग से अभी कड़ी पूछताछ की जा रही है। ED की जांच के मुताबिक, ऑनलाइन बेटिंग से कमाए गए करोड़ों रुपये सीधे बैंकिंग चैनलों के बजाय पहले नकद के बदले फर्जी एंट्री के जरिए शेल (फर्जी) कंपनियों में भेजा जाता था।

मनी लॉन्ड्रिंग के खेल में दुबई सबसे अहम केंद्र

इसके बाद, इस काले धन को दुबई, मॉरिशस और यूनाइटेड किंगडम (UK) में मौजूद कंपनियों के जरिए कई चरणों में घुमाया गया। इस मनी लॉन्ड्रिंग स्कीम में दुबई मुख्य केंद्र था। वहां से राशि को मॉरिशस और UK की कंपनियों में ट्रांसफर किए गए। फिर इस राशि को विदेशी निवेश के तौर पर—QIP, FPI, FDI और FCCB जैसे कानूनी तरीकों से—विकास गर्ग के कंट्रोल वाली लिस्टेड और अनलिस्टेड कंपनियों में वापस भारत लाया गया।

अमेरिकी कंपनी में खरीदी बड़ी हिस्सेदारी

अपराध से मिली इस रकम का इस्तेमाल अमेरिका की जानी-मानी कंपनी ‘ईबिक्स इंक’ में 97.58% हिस्सेदारी खरीदने के लिए किया गया। इसके अलावा, भारत और विदेश दोनों जगहों पर बड़ी मात्रा में शेयर, सिक्योरिटीज और अचल संपत्तियां खरीदी गईं। महादेव सट्टेबाजी मामले के सिलसिले में, ED ने अब तक भारत और विदेशों में लगभग 4,000 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। हाल ही में, 5 जून को विकास गर्ग और उनके परिवार के सदस्यों की 940.77 करोड़ की वित्तीय और अचल संपत्तियों को भी अस्थायी रूप से जब्त किया गया।

5 चार्जशीट में 74 संस्थाएं आरोपी

विकास गर्ग इस बड़े मामले में केंद्रीय एजेंसी द्वारा गिरफ्तार किए गए 14वें व्यक्ति हैं। एजेंसी ने रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट में अब तक दाखिल पांच चार्जशीट में 74 लोगों और संस्थाओं को आरोपी बनाया है। विकास गर्ग, दिल्ली बीजेपी के सीनियर नेता और तीन बार विधायक रह चुके नंद किशोर गर्ग के बेटे हैं। उन्होंने 2024 में दिल्ली बीजेपी के आर्थिक सेल के संयोजक के रूप में अपना कार्यभार संभाला था। एक वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी ने उनके निष्कासन की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें पद से हटाने के साथ ही पार्टी से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।

6000 करोड़ का है पूरा घोटाला

प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अनुसार, छत्तीसगढ़ के जाने-माने राजनेता और नौकरशाह महादेव बेटिंग ऐप मामले में शामिल हैं। इस मामले में कथित तौर पर लगभग 6,000 करोड़ की अवैध कमाई हुई है।जांच एजेंसी ने रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट में अब तक दाखिल पांच चार्जशीट में कुल 74 संस्थाओं को आरोपी बनाया है। ED का आरोप है कि विकास गर्ग ने गैर-कानूनी सट्टेबाजी से कमाए गए पैसों का जानबूझकर इस्तेमाल किया। इन पैसों का इस्तेमाल करके, उन्होंने ‘एराया लाइफस्पेस’ (Eraaya Lifespaces) के ज़रिए ‘एबिक्सकैश’ (EbixCash) में 64% हिस्सेदारी खरीदी। (एजेंसी)

About The Author